स्कूल की छुट्टी पर विवाद; वक्फ बोर्ड ने वापस लिया फैसला, जानिए पूरा मामला
जबलपुर के अंजुमन इस्लामिया इंग्लिश मीडियम स्कूल के नए आदेश पर बवाल मच गया था. अब अंजुमन इस्लामिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अन्नू अनवर ने आदेश वापस लेने की बात कही है. उन्होंने कहा कि अभिभावकों को अगर परेशानी हो रही है तो आदेश वापिस लिया जाता है.
जबलपुर में अंजुमन इस्लामिया स्कूल (Anjuman Islamia School) द्वारा छुट्टी को लेकर जारी किय गया आदेश अब वापस ले लिया गया है. छुट्टी पर विवाद खड़ा होते ही अंजुमन इस्लामिया वक्फ बोर्ड बैकफुट पर आ गया. अंजुमन इस्लामिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अन्नू अनवर ने आदेश वापस लेने की बात कही है. उन्होंने कहा कि अभिभावकों को अगर परेशानी हो रही है तो आदेश वापिस लिया जाता है. अब संडे को छुट्टी रहेगी शुक्रवार को स्कूल लगेगा. अध्यक्ष का तर्क है कि शुक्रवार को कम आते थे बच्चे इसीलिए शुक्रवार को छुट्टी रखी गई.
जुमे की नमाज के कारण बच्चे नहीं आते : स्कूल प्रबंधन
स्कूल प्रबंधक अन्नू अनवर ने बताया कि अंजुमन इस्लामिया संस्था के शहर में छह स्कूल और एक कॉलेज हैं. मालवीय चौक स्थित इंग्लिश मीडियम स्कूल को छोड़कर बाकी सभी संस्थानों में पहले से ही शुक्रवार की छुट्टी रहती है. इस स्कूल में करीब 700 बच्चे पढ़ते हैं, लेकिन जुमे के दिन केवल 10 से 20 छात्र ही उपस्थित रहते हैं. इसी वजह से शिक्षकों और प्रिंसिपल ने मीटिंग में यह निर्णय लिया.
शिक्षा विभाग के अधिकारी ने क्या कहा?
जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने कहा कि उन्हें इस आदेश की जानकारी नहीं है. यदि स्कूल ने ऐसा निर्णय लिया है तो यह गलत है, क्योंकि प्रदेश के सभी स्कूलों में रविवार को अवकाश रहता है. उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा कि यह निर्णय किस आधार पर लिया गया.
बीजेपी ने बताया था तुगलकी फरमान
स्कूल के इस आदेश का भाजपा ने विरोध किया है. बीजेपी ने इसे “तुगलकी फरमान” बताते हुए कहा कि इस स्कूल में कभी भी रविवार को कक्षाएं नहीं लगीं. उन्होंने कहा कि यह निर्णय बच्चों और अभिभावकों पर थोपने जैसा है. मोर्चा ने कलेक्टर को पत्र लिखकर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
साभार