AAP के कई नेता जेल में, फिर भी चुनाव प्रचार क्यों नहीं कर रहे राघव चड्ढा?
लोकसभा चुनाव के प्रचार में सुनीता केजरीवाल भी उतर चुकी हैं. आम आदमी पार्टी के कई नेता जेल में हैं. इधर राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा दिखाई नहीं दे रहे हैं. कई तरह की बातें हो रही थीं, अब पार्टी के एक नेता राघव के बारे में जानकारी दी है.
लोकसभा चुनाव प्रचार में आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा दिखाई नहीं दे रहे हैं. कई दिनों से लोग सवाल पूछ रहे थे. आज दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने उनके बारे में स्थिति स्पष्ट की है. उन्होंने बताया कि राघव इस समय यूके में हैं. उनकी आंखों में कुछ समस्या थी. सौरभ ने बताया, 'मुझे बताया गया कि वह समस्या इतनी गंभीर थी कि उनकी आंखों की रोशनी भी जा सकती थी. उसी का इलाज करने राघव गए हैं.'
स्वस्थ नहीं हैं राघव
AAP नेता ने कहा कि हमारी शुभकामनाएं उनके साथ हैं. वह स्वस्थ होकर जल्द लौटेंगे और प्रचार में जुट जाएंगे. उन्होंने कहा कि मैंने देखा है कि ज्वलंत मुद्दों पर वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं. ट्वीट कर रहे हैं. बहुत ज्यादा एक्टिविटी इसलिए नहीं है क्योंकि वह स्वस्थ नहीं हैं.
पार्टी को खल रही कमी
राघव चड्ढा राज्यसभा सदस्य हैं. ऐसे समय में जब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल हैं, उनकी कमी पार्टी को खल रही होगी. कई नेताओं के न होने से चुनाव प्रचार पर भी असर पड़ सकता है. चड्ढा केजरीवाल के विश्वासपात्र हैं. वह पिछले महीने ही लंदन चले गए थे. इससे पहले तक वह विरोधियों पर आम आदमी पार्टी की तरफ से जवाब दे रहे थे.
चड्ढा की पत्नी और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा भी उनके साथ गई थीं. बताते हैं कि कुछ समय पहले अपनी एक फिल्म की रिलीज के लिए वह कुछ समय के लिए वापस भारत आई थीं.
इधर, विदेश में होते हुए भी राघव लगातार सियासी घटनाक्रम से जुड़े हुए हैं. 28 अप्रैल को उन्होंने सुनीता केजरीवाल के चुनाव प्रचार का वीडियो भी शेयर किया था. इससे पहले 25 अप्रैल को उन्होंने आम आदमी पार्टी का कैंपेन सॉन्ग शेयर किया था. उन्होंने लिखा भी था- जेल का जवाब वोट से. इससे पहले 18 अप्रैल को उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर एक पोस्ट लिखा था.
साभार