CJP ने वापस लिया 5 सितंबर के मार्च का फैसला, सुप्रीम कोर्ट में कही ये बात
सीजेपी के प्रवक्त सौरव दास ने सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान कहा कि उनकी पार्टी 5 सितंबर के मार्च के फैसले को वापस ले रही है. केंद्र की तरफ से कहा गया कि वे छात्रों की मांगों को पूरा करेंगे.
कॉकरोच जनता पार्टी ने 5 सितंबर को दिल्ली में होने वाले मार्च को वापस ले लिया. सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने मंगलवार (1 सितंबर) को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान कहा कि पार्टी इस मार्च के फैसले को वापस ले रही है. अदालत में छात प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमे रद्द करने को लेकर सुनवाई हुई. इस दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों से किए अपने वादों को पूरा करेगी. उन्होंने यह भी कहा कि इस मसले को जटिल नहीं बनाना चाहिए.
सॉलिसिटर जनरल ने सुप्रीम कोर्ट में कहा, 'केंद्र सरकार ने छात्रों से कुछ वादे किए थे. इनमें मुकदमे वापस लेने, भविष्य में इन मामलों के लिए एफआईआर न करने और आत्महत्या करने वाले छात्रों के लिए मुआवजा देने जैसी बातें शामिल थीं. सरकार इन सब वादों को पूरा करना चाहती है.
FIR को लेकर क्या बोले सॉलिसिटर जनरल
सीजेपी ने मांग की थी कि प्रदर्शनकारियों पर दर्ज एफआईआर को रद्द किया जाए. इसको लेकर सॉलिसिटर जनरल ने कोर्ट में कहा, भीड़ में शामिल गंभीर अपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों पर नई एफआईआर दर्ज की जाएगी. पुरानी 13 एफआईआर को हम रद्द करने का कोर्ट से अनुरोध कर रहे हैं. दिल्ली के अलावा महाराष्ट्र, बिहार, असम और पश्चिम बंगाल की तरफ से भी ऐसे आवेदन दाखिल किए गए हैं.'
उन्होंने कहा, 'हो सकता है कि कुछ और राज्यों में भी एफआईआर हों. हमारा अनुरोध है कि सुप्रीम कोर्ट अपनी विशेष शक्ति का इस्तेमाल करते हुए उन्हें भी रद्द कर दे या फिर उनके बारे में may not be pursued या treated as closed का आदेश दे. यह सभी मामले 20 से 25 जुलाई के बीच दर्ज हुए थे.'
मुआवजे पर कोर्ट में क्या हुई बात
सॉलिसिटर जनरल ने कहा, 'जहां तक मुआवजे का सवाल है, हम उस पर कोई आदेश अभी नहीं चाहते. ऐसा इसलिए क्योंकि कोर्ट का कोई भी आदेश भविष्य की हर तरह की परीक्षाओं के लिए उदाहरण माना जाएगा. कोर्ट छात्रों को दिए हमारे वचन को रिकॉर्ड पर ले और हमें 3 महीने का समय दे. हम इसके बारे में फॉर्मूला तैयार कर लेंगे. इस पर काम चल रहा है.'
वहीं सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा, 'हम इस आदरणीय कोर्ट और सभी वकीलों को धन्यवाद देते हैं. 5 सितंबर के मार्च का आह्वान वापस लिया जा रहा है.'
मार्च की वजह से दिल्ली में बढ़ा दी गई थी सुरक्षा
सीजेपी के दिल्ली में इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक 5 सितंबर को होने वाले मार्च को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. सूत्रों ने बताया कि प्रस्तावित मार्च से पहले एहतियाती कदम के तौर पर दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी. यहां तक की अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी.
साभार