IPL में खिलाड़ियों को चश्मा पहनने पर मिलेगी सजा, BCCI ने सुरक्षा कारणों से लिया बड़ा फैसला
IPL: इंडियन प्रीमियर लीग में बीसीसीआई ने कुछ नए नियम लागू कर दिए हैं. इस बार स्मार्ट सनग्लास पहनकर आने पर पाबंदी लगाई गई है.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक बार फिर IPL खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ पर सख्ती दिखाई है. इस बार स्मार्ट सनग्लास पर प्रतिबंध लगाया गया है. बीसीसीआई की एंटी-करप्शन यूनिट ने सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को नोटिस भेजा है कि मैच के दिन सभी को अपना स्मार्ट सनग्लास और अन्य एडवांस टेक्नोलॉजी से निर्मित चश्मा जमा करवाना होगा. बोर्ड ने 18 मई को ही एडवाइजरी जारी कर दी थी.
बीसीसीआई की एंटी करप्शन एंड सिक्योरिटी यूनिट (ASCU) के अनुसार कई कंपनियां आईपीएल के खिलाड़ियों और अन्य स्टाफ को स्मार्ट सनग्लास और गॉगल्स बेच रही हैं और उनका प्रचार भी कर रही हैं. ये स्मार्ट सनग्लास देखने में सामान्य लगते हैं, लेकिन ये एडवांस फीचर्स से लैस होते हैं, जिससे आईपीएल और बोर्ड अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है.
ASCU का कहना है कि ऐसे स्मार्ट सनग्लास वीडियो रिकॉर्ड करने के साथ लाइव स्ट्रीमिंग कर सकते हैं. ये मैसेज भेज सकते हैं, रिसीव कर सकते है और मोबाइल डाटा/वाईफाई की मदद से ऑडियो और वीडियो कॉल भी कर सकते हैं.
नए नियम लागू
नए नियमों के मुताबिक मैच के दिन खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को प्लेयर्स एंड मैच ऑफिशियल एरिया (PMOA) के अंदर स्मार्ट सनग्लास ले जाने की अनुमति नहीं होगी. ड्रेसिंग रूम और डगआउट में भी ऐसे चश्मे ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.
एएससीयू का मानना है कि ऐसे डिवाइस से लाइव मैच की जानकारी साझा की जा सकती है, जिससे मैचों के दौरान सुरक्षा संबंधी दिक्कतें आ सकती हैं. इसलिए बोर्ड ने अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तरह स्मार्ट सनग्लास पर भी रोक लगाई गई है. मैदान पर आने के बाद खिलाड़ियों को स्मार्ट सनग्लास सिक्योरिटी ऑफिसर के पास जमा करवाने होंगे. इसके साथ-साथ मोबाइल फोन और अन्य कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जमा करवाने होंगे.
बीसीसीआई ने साफ चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले पर सख्त एक्शन लिया जाएगा. आपको याद दिला दें कि आईपीएल 2026 के दौरान राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर को डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते देखा गया था, जिसको लेकर जमकर बवाल मचा था.
साभार