IPL 2027 की 6 टीमों के कप्तान कंफर्म, 3 कर रही है तलाश; MI आज करेगी ऐलान

इंडियन प्रीमियर लीग के 20वें संस्करण में किस टीम के कप्तान कंफर्म हैं, आइए उनके बारे में जानते हैं. मुंबई इंडियंस आज अपने कप्तान का ऐलान करेगी. रोहित शर्मा नियुक्त हो सकते हैं.

Nov 27, 2026 - 15:35
 0  6
IPL 2027 की 6 टीमों के कप्तान कंफर्म, 3 कर रही है तलाश; MI आज करेगी ऐलान

आईपीएल 2027 के लिए मिनी ऑक्शन अगले महीने की 16 तारीख को गोवा में है, जिससे पहले सभी 10 टीमें अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी कर चुकी हैं. 6 टीमों के कप्तान लगभग कंफर्म हैं. 3 टीमों के कप्तानों की स्थिति साफ नहीं है, इसमें दिल्ली कैपिटल्स भी है. पिछले सीजनों में कमान संभाल रहे अक्षर पटेल टीम में रिटेन किए गए हैं, लेकिन ऋषभ पंत के लौट आने से ये सवाल उठ गया है कि कप्तान कौन होगा? आज मुंबई इंडियंस अपने कप्तान के नाम का ऐलान करेगी. माना जा रहा है कि रोहित शर्मा फिर से कमान संभाल सकते हैं.

मुंबई इंडियंस आज अपने कप्तान के नाम का ऐलान करेगी, ये शाम को 5 बजकर 45 मिनट पर होगा. इसकी टाइमिंग की वजह से माना जा रहा है कि रोहित शर्मा फिर से एमआई की कमान संभालने जा रहे हैं. बता दें कि रोहित की जर्सी का नंबर 45 है, वह टीम को 5 ट्रॉफी जितवा चुके हैं. अन्य 9 टीमों की बात करें तो 6 के कप्तान लगभग कंफर्म हैं, 3 की स्थिति स्पष्ट नहीं है.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु

रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने 18 साल बाद अपना पहला खिताब जीता था. 2025 के बाद फिर 2026 में भी पाटीदार ने आरसीबी को चैंपियन बनाया. अब उन्हें हटाए जाने का कोई सवाल ही नहीं उठता.

चेन्नई सुपर किंग्स

एमएस धोनी कुछ समय से इसलिए खेल रहे थे, ताकि उनके मैदान पर रहते नए कप्तान को तैयार किया जा सकते. अब धोनी आईपीएल से संन्यास ले चुके हैं. ऋतुराज गायकवाड़ कप्तान हैं, जो धोनी के रहते तैयार हुए. संजू सैमसन के आने से ये बहस छिड़ी थी कि क्या गायकवाड़ को कप्तानी से हटाया जा सकता है, लेकिन पिछले साल संजू भी गायकवाड़ की कप्तानी में खेले थे.

गुजरात टाइटंस

गुजरात टाइटंस ने हार्दिक पांड्या के जाने के बाद शुभमन गिल को कप्तान नियुक्त किया था, जिसके बाद गिल टीम इंडिया के वनडे और टेस्ट कप्तान चुने गए. उन्हें हटाने का कोई कारण नहीं है. गिल ही आईपीएल 2027 में गुजरात के कप्तान होंगे.

पंजाब किंग्स

हार्दिक पांड्या ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स में आ गए हैं. ऐसे में सवाल उठा था कि क्या पांड्या कप्तान होंगे? लेकिन खुद पांड्या ने स्पष्ट कर दिया था कि श्रेयस अय्यर ही कप्तान रहेंगे.

राजस्थान रॉयल्स

पिछले संस्करण संजू सैमसन के जाने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने रियान पराग को फुल टाइम कप्तान नियुक्त किया था. वह युवा हैं, और भविष्य को देखते हुए ही उन्हें कप्तान नियुक्त किया गया था. लगभग तय है कि वही कप्तान रहेंगे.

सनराइजर्स हैदराबाद

पैट कमिंस कंफर्म कर चुके हैं कि वह आईपीएल 2027 खेलने के लिए भारत आएंगे, चाहे वह हाफ सीजन के लिए आए. ऐसे में वही कप्तान रहेंगे, लेकिन उनकी गैरमौजूदगी में ईशान किशन कमान संभाल सकते हैं.

दिल्ली कैपिटल्स

अक्षर पटेल ने पिछले साल कप्तानी की थी, लेकिन अब ट्रेड के जरिए उनके पूर्व कप्तान ऋषभ पंत टीम में लौट आए हैं. कोचिंग स्टाफ में भी कई बदलाव हुए हैं. सौरव गांगुली हेड कोच और युवराज सिंह बैटिंग कोच बनाए गए हैं. दिल्ली के कप्तान की स्थिति स्पष्ट नहीं है.

कोलकाता नाइट राइडर्स

अजिंक्य रहाणे ने पिछले संस्करण केकेआर की कप्तानी की थी. वह संन्यास ले चुके हैं. केकेआर ने नए कप्तान के नाम का ऐलान नहीं किया है. रिंकू सिंह प्रबल दावेदार हैं.

लखनऊ सुपर जायंट्स

ऋषभ पंत के जाने के बाद लखनऊ ने भी अपने नए कप्तान के नाम का ऐलान नहीं किया है.

साभार