परिसीमन के बाद अब आपके राज्य में कितनी बढ़ जाएंगी लोकसभा सीटें?

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अगले सप्ताह संसद में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लाए जाने की संभावना के बीच शनिवार को विपक्षी दलों की बैठक बुलाई है.

Nov 27, 2026 - 17:15
 0  5
परिसीमन के बाद अब आपके राज्य में कितनी बढ़ जाएंगी लोकसभा सीटें?

केंद्र सरकार ने कैबिनेट की बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक में संशोधन को आज मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही लोकसभा का सत्र 30 नवंबर को बुला लिया है और राज्यसभा का सत्र 2 दिसंबर को बुलाया गया है. इसके बाद सरकार और विपक्ष अब संसद में इस पर दो-दो हाथ करने में जुट गई हैं. बताया जा रहा है कि परिसीमन बिल के बाद लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाई जाएंगी. मतलब अभी लोकसभा की सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 850 कर दी जाएंगी. इन 850 सीटों की 33 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी. अब समझिए किस राज्य की सीट कितनी बढ़ने वाली हैं...

राज्य लोकसभा की वर्तमान सीट परिसीमन के बाद सीटें

उत्तर प्रदेश 80 120

महाराष्ट्र 48 72

पश्चिम बंगाल 42 63

बिहार 40 60

तमिलनाडु 39 59- 60

मध्य प्रदेश 29 44-45

कर्नाटक 28 42

गुजरात 26 39

आंध्र प्रदेश 25 37-38

राजस्थान 25 37-38

ओडिशा 21 31-32

केरल 20 30

तेलंगाना 17 25-26

असम 14 21

झारखंड 14 21

पंजाब 13 19-20

छत्तीसगढ़ 11 16-17

हरियाणा 10 15

उत्तराखंड 5 7-8

हिमाचल प्रदेश 4 6

अरुणाचल प्रदेश 2 3

गोवा 2 3

मणिपुर 2 3

मेघालय 2 3

त्रिपुरा 2 3

मिजोरम 1 2

नागालैंड 1 2

सिक्किम 1 2

केंद्र शासित राज्य लोकसभा की वर्तमान सीटें परिसीमन के बाद सीटें

दिल्ली 7 10-11

जम्मू-कश्मीर 5 7-8

दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव 2 3

अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह 1 2

चंडीगढ़ 1 2

लद्दाख 1 2

लक्षद्वीप 1 2

पुडुचेरी 1 2

संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत जरूरी है. सूत्रों के अनुसार, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) द्वारा इस विधेयक का समर्थन किये जाने की उम्मीद है. वहीं, विपक्षी ‘इंडिया' गठबंधन इस विधेयक के खिलाफ है.

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अगले सप्ताह संसद में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लाए जाने की संभावना के बीच शनिवार को विपक्षी दलों की बैठक बुलाई है. सूत्रों ने बताया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' के घटक दलों के सदन के नेता बैठक में मौजूद रहेंगे, लेकिन द्रमुक, आम आदमी पार्टी और बीजू जनता दल (बीजद) सहित उन दलों को भी इस बैठक में आमंत्रित किया गया है, जो सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के साथ नहीं हैं. सूत्रों के अनुसार, शनिवार को सुबह 11:30 बजे खरगे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर यह बैठक होगी.

परिसीमन संबंधी विधेयक पर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के रुख को लेकर जारी अटकलों के बीच के पार्टी अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने शुक्रवार को एक बार फिर दोहराया कि किसी भी परिस्थिति में लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत सीटों की हिस्सेदारी को कम नहीं किया जाना चाहिए.

द्रमुक नेता ने कहा कि राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात 1971 की जनगणना पर आधारित है और इसे इसी आधार पर बनाए रखने की व्यवस्था की गई थी. उन्होंने मांग की कि अगले 25 सालों तक भी इसी आधार पर लोकसभा की सीट का परिसीमन किया जाना चाहिए

साभार