ज्ञानेश कुमार के साथ राहुल भैया की फोटो; दिल्ली से MP कांग्रेस को फटकार, BJP ने कहा- दूध का दूध, पानी का पानी

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के भोपाल दौरे के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह के साथ एक शादी समारोह की तस्वीर सामने आने के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. अजय सिंह का कहना है कि वह ज्ञानेश कुमार को पहचानते तक नहीं थे.

Nov 27, 2026 - 15:45
 0  4
ज्ञानेश कुमार के साथ राहुल भैया की फोटो; दिल्ली से MP कांग्रेस को फटकार, BJP ने कहा- दूध का दूध, पानी का पानी

भोपाल: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कांग्रेस नेता अजय सिंह 'राहुल भैया' के साथ एक तस्वीर सामने आने के बाद मध्य प्रदेश में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है. तस्वीर एक निजी विवाह समारोह की बताई जा रही है, लेकिन इसके वायरल होने के बाद कांग्रेस संगठन और पार्टी हाईकमान के स्तर पर हलचल बढ़ गई. कांग्रेस ने भोपाल में विरोध प्रदर्शन कर CEC के खिलाफ नाराजगी जताई और उनके इस्तीफे की मांग दोहराई. वहीं अजय सिंह ने पूरे विवाद पर सफाई देते हुए कहा कि वह ज्ञानेश कुमार को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते और किसी ने उनका परिचय भी नहीं कराया था.

शादी समारोह की तस्वीर से शुरू हुआ विवाद, अजय सिंह ने दी सफाई

NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भोपाल में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे. इसी दौरान एक विवाह समारोह में उनकी तस्वीर सीनियर कांग्रेस लीडर अजय सिंह के साथ खिंची. तस्वीर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई. बताया जा रहा है कि इस घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस नेतृत्व ने नाराजगी जताई, जिसके बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन सक्रिय हुआ.

वहीं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वायरल हुई तस्वीर कोई छिपी हुई तस्वीर नहीं थी, बल्कि वह स्वयं इसे सोशल मीडिया पर साझा कर चुके थे.

उन्होंने कहा कि वह सीधी जिले के पूर्व पुलिस अधीक्षक उपेंद्र जैन के बेटे के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. वहां विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र तोमर समेत कई लोग मौजूद थे और इसी दौरान एक ग्रुप फोटो ली गई.

अजय सिंह ने कहा, ‘मुझे नहीं मालूम था कि ज्ञानेश कुमार कौन हैं. किसी ने मेरा परिचय भी नहीं कराया था. उस फोटो में ज्ञानेश कुमार थे या अमित शाह, मैं शादी समारोह में जाकर सबसे पूछता फिरता क्या?'

उन्होंने यह भी कहा कि इस तस्वीर को लेकर किसी प्रकार की गलतफहमी नहीं होनी चाहिए.

PCC के सामने किया गया विरोध प्रदर्शन, CEC के इस्तीफे की मांग पर कायम कांग्रेस

बीच फोटो सामने आने के बाद दिल्ली से फटकार पड़ी जिसके बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (PCC) के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी पहले से ही चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाती रही है और ऐसे में तस्वीरों के सामने आने से गलत संदेश गया है. अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस की मांग पहले की तरह बनी हुई है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें. उन्होंने कहा कि जब तक इस्तीफा नहीं होता, तब तक उनसे किसी प्रकार की चर्चा का सवाल ही नहीं उठता. उनके अनुसार तस्वीर का मुद्दा और पार्टी की राजनीतिक मांगें अलग-अलग विषय हैं.

कांग्रेस में अंदरूनी असहजता की चर्चा, बीजेपी ने किया पलटवार

राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा रही कि ज्ञानेश कुमार के भोपाल दौरे के दौरान कांग्रेस की ओर से तत्काल विरोध नहीं होने पर पार्टी नेतृत्व नाराज हुआ. इसके बाद प्रदेश इकाई ने विरोध प्रदर्शन कर अपना रुख स्पष्ट करने की कोशिश की. 

वहीं भाजपा ने पूरे मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है. भाजपा प्रवक्ता दुर्गेश केसवानी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के भोपाल दौरे ने "दूध का दूध और पानी का पानी" कर दिया है.

उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया और वोटिंग को लेकर सवाल उठाती है, जबकि दूसरी ओर उसके नेता मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ तस्वीरें साझा करते दिखाई देते हैं. भाजपा ने इसे कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर का उदाहरण बताया है.

साभार