मोदी कैबिनेट की बैठक में परिसीमन विधेयक को मिली मंजूरी, महिला आरक्षण से जुड़ा संशोधन भी हुआ मंजूर

सूत्रों के अनुसार, मोदी कैबिनेट की मीटिंग में परिसीमन बिल को मंजूरी दे दी गई है। इसके अलावा, महिला रिजर्वेशन से जुड़ा संशोधन भी मंत्रिमंडल ने मंजूर कर दिया है।

Nov 27, 2026 - 15:20
 0  4
मोदी कैबिनेट की बैठक में परिसीमन विधेयक को मिली मंजूरी, महिला आरक्षण से जुड़ा संशोधन भी हुआ मंजूर

मोदी सरकार की कैबिनेट मीटिंग खत्म हो गई है। ये मीटिंग करीब 40 मिनट तक चली। पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संसद की आगामी कार्यवाही पर चर्चा की गई है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में परिसीमन विधेयक को मंजूरी दी गई। इसमें सभी राज्यों की सीटों में समान अनुपात में 50 फीसदी की वृद्धि का प्रस्ताव है। सीटों की संख्या पर यह सीमा वर्ष 2051 तक लागू रहेगी। इसके साथ ही, कैबिनेट ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को भी मंजूरी दी है। इसके तहत एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी।

मोदी सरकार ने जुटा लिए हैं नंबर- सूत्र

बता दें कि डिलिमिटेशन बिल को लेकर एक बार फिर से सियासत चरम पर है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने जादुई आंकड़ा जुटा लिया है। 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होगी। 3 दिसंबर को सत्रावसान होगा। मतलब सरकार ने पूरी तैयारी की, नंबर जुटाए, उसके बाद लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा के सभापति से सत्र बुलाने की गुजारिश की। उधर, विपक्ष सरकार के इस कदम को असंवैधानिक बता रहा है। उसका कहना है कि ना विपक्ष को बताया गया, ना ही बिल की कोई कॉपी सर्कुलेट की गई और बस चार दिन के नोटिस पर सत्र बुला लिया गया।

शरद और स्टालिन की पार्टियां भी समर्थन में आगे आईं

इधर, विपक्षी खेमे की कई पार्टियों का रुख बदल चुका है। NCP शरद पवार के आठ सांसद बिल के समर्थन में वोट कर सकते हैं। साथ ही, DMK सरकार के साथ आ गई है, उसके 22 सांसद हैं। मतलब साफ है कि सरकार ने जरूरी नंबर जुटा लिए हैं। सूत्र बताते हैं कि सरकार के पास 355 के करीब सांसद हैं। ऐसे में बिल को पास कराने में कोई रोड़ा नजर नहीं आता। इस बीच, तमाम विपक्षी पार्टियां सरकार के इस कदम को गैर संवैधानिक बता रही हैं। अखिलेश यादव का कहना है कि परिसीमन बीजेपी की सबसे बड़ी भूल साबित होगा।

RJD सांसद ने भी की सपोर्ट करने की बात

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ये बिल भारत की आत्मा पर हमला है। सरकार के सारे हथकंडे फेल होंगे। 2029 में जनता सरकार को कुचल देगी। वहीं, आम आदमी पार्टी ने भी डिलिमिटेशन बिल पर अपना रुख साफ किया है। संजय सिंह ने कहा है कि हम हर हाल में इस बिल का विरोध करेंगे। हिंदी पट्टी में सीटें बढ़ाने की साजिश हो रही है ताकि बीजेपी अगले 100-50 साल तक सत्ता में बनी रहे। इसके उलट, RJD सांसद सुरेंद्र यादव ने परिसीमन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा है कि लोकसभा की सीटें बढ़ेंगी तो हम इसके पक्ष में हैं

साभार