भारत ए की टीम करेगी नेपाल का दौरा, खेले जाएंगे तीन मुकाबले, ऐसा है उसका शेड्यूल

दिसंबर में भारत ए और नेपाल के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। अभी इसके लिए टीम का ऐलान नहीं हुआ है, उम्मीद है कि वैभव सूर्यवंशी को भी स्क्वाड में शामिल किया जाएगा।

Nov 27, 2026 - 15:29
 0  4
भारत ए की टीम करेगी नेपाल का दौरा, खेले जाएंगे तीन मुकाबले, ऐसा है उसका शेड्यूल

भारतीय ए टीम के लिए एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट खत्म हो गया है। सेमीफाइनल में उसे श्रीलंका के हाथों करारी शिकस्त झेलनी पड़ी और कारवां थम गया। इस बीच टीम अगले महीने नेपाल के दौर पर जाएगी, जहां तीन टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। हालांकि ये इंटरनेशनल सीरीज तो नहीं होगी, लेकिन ये काफी रोचक रहेगी, इसकी जरूर उम्मीद की जा सकती है। इस सीरीज का शेड्यूल आप अभी से नोट कर लीजिए। 

भारत ए और नेपाल के बीच 9 दिसंबर से खेली जाएगी टी20 सीरीज

नेपाल के खिलाफ भारत की ए टीम तीन टी20 मैच खेलेगी। इसका पहला मुकाबला 9 दिसंबर को खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 11 और तीसरा मुकाबला 13 दिसंबर को खेला जाएगा। मैच भारतीय समय अनुसार सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर शुरू होंगे। यानी ये दिन के मैच होंगे। अभी तक इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान नहीं किया गया है, देखना होगा कि क्या तिलक वर्मा ही वहां भी कप्तानी की जिम्मेदारी निभाएंगे या फिर कप्तान बदला जाएगा। 

वैभव सूर्यवंशी को भी मिल सकता है टीम में मौका

इस बीच उम्मीद तो यही है कि वैभव सूर्यवंशी भी इस सीरीज का हिस्सा होंगे। जिन्होंने एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुकाबले में यूएई के खिलाफ दोहरा शतक ठोका था। वैसे तो ये वनडे मुकाबला था, लेकिन वैभव ने बिल्कुल टी20 स्टाइल में बैटिंग कर सभी के होश उड़ा दिए थे। अब जब वे टी20 खेलेंगे तो उनका अंदाज देखने लायक होगा। जल्द ही टीम का ऐलान किया जा सकता है, क्योंकि सीरीज ज्यादा दूर नहीं है। 

दिसंबर से श्रीलंका से खेले जाएंगी तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज

इस बीच दिसंबर में ही भारत की सीनियर टीम श्रीलंका के खिलाफ तीन वनडे मैच खेलेगी। जिसका आगाज 13 दिसंबर से होगा। तीसरा और आखिरी मैच 19 दिसंबर को खेला जाएगा। इसके बाद तीन टी20 मैच भी खेले जाएंगे। अगर वैभव को श्रीलंका सीरीज के लिए टीम में शामिल किया जाता है तो तब तक वे नेपाल से वापस आ जाएंगे। ऐसे में वैभव के पास नेपाल और उसके बाद श्रीलंका के खिलाफ खेलने का भी मौका रहेगा। हालांकि सभी की नजर फिलहाल टीम के ऐलान और उसके कप्तान पर होगी।

साभार