'दीपावली बोलने में इतना दर्द', खरगे के 'खुशियों की ईद' वाले बयान पर बरसी BJP
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के दिवाली की बधाई देने को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. गौरव भाटिया ने कहा कि दीपावली को ईद कहके हिंदुओं को बधाई दे रहे हैं. क्या कांग्रेस का डीएनए यही है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिवाली की बधाई देने को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीजेपी लगातार कांग्रेस पर हमलावर है. पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि देश दीपावली की शुभकामनाएं दे रहा था और खरगे जी कुछ और कर रहे थे.
कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि सबसे पुराना धर्म और संस्कृति कोई है तो वह हिंदू धर्म है. उन्होंने आगे कहा कि दीपावली बोलने में इतना दर्द क्यों होता है और उनकी जुबान क्यों लड़खड़ाने लगती है. खरगे की 'यह खुशियों की ईद है' कहने पर आपत्ति जताते हुए भाटिया ने कहा कि हमें इस पर सख्त आपत्ति है.
दीपावली दीपावली है और ईद ईद है- भाटिया
गौरव भाटिया ने सवाल उठाते हुए कहा कि दीपावली दीपावली है और ई- ईद है. दीपावली को ईद कहके हिंदुओं को बधाई दे रहे हैं. क्या कांग्रेस का डीएनए यही है. अगर यही उचित है तो मैं राहुल गांधी और खरगे जी को चुनौती देता हूं कि जब इस बार ईद आएगी तो कहिएगा कि यह ईद खुशियों की दीपावली है.
बीजेपी नेता ने कहा कि लेकिन ये लोग ऐसा कहेंगे नहीं और ऐसा होगा नहीं. उन्होंने इसे कांग्रेस पार्टी का षडयंत्र करार दिया है.
राम मंदिर न जाने पर उठाए सवाल
बीजेपी नेता ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये वही लोग हैं जो राम को काल्पनिक बता रहे थे. उन्होंने कांग्रेस नेताओं के अयोध्या जाने को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जब अयोध्या में राम मंदिर बना तो हर हिंदू को गर्व हुआ, लेकिन गांधी परिवार के लोग अभी तक अयोध्या नहीं गए हैं.
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के नेता खरगे जी के बयान को सही बता रहे हैं. गौरव भाटिया ने कहा कि ये अपरिपक्व नेता राहुल गांधी के सलाहकार ही ऐसा कह सकते हैं और कर सकते हैं.
साभार